शहरों में कुछ घंटों के लिए भी बिजली चली जाए तो लोगों की दिनचर्या बुरी तरह प्रभावित हो जाती है, लेकिन जरा सोचिए कि अगर किसी पूरे इलाके में लगातार पाँच महीनों से बिजली ही न आए, तो वहां रहने वाले लोगों का जीवन कितना मुश्किल हो गया होगा। बांग्लादेश के फरीदपुर जिले के सदरपुर उपजिला स्थित नारिकेल बरिया यूनियन के करीब 35 से 40 गांवों में इन दिनों कुछ ऐसा ही गंभीर संकट बना हुआ है, जहां पिछले 5 महीनों से लगातार बिजली गुल है।
इस विकट स्थिति की मुख्य वजह पद्मा नदी (Padma River) के नीचे बिछी हाई-वोल्टेज बिजली की केबल का टूट जाना है। केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिसकी वजह से इन ग्रामीण इलाकों के करीब 10,000 लोग भारी परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। लंबे समय से बिजली न होने के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन, पठन-पाठन और छोटे-मोटे व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।