अक्सर लोग बार-बार पेट फूलने, कब्ज, दस्त और अत्यधिक गैस बनने जैसी समस्याओं को मामूली पाचन गड़बड़ी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन जब ये लक्षण लगातार बने रहें और रोज़मर्रा के कामों को प्रभावित करने लगें, तो यह खराब 'गट हेल्थ' यानी आंतों के बिगड़ते स्वास्थ्य का संकेत हो सकता है। हमारा पाचन तंत्र हमारी दैनिक जीवनशैली से सीधा जुड़ा होता है और खान-पान, पानी की कमी, नींद, तनाव तथा शारीरिक गतिविधि जैसे कई कारक इसे गहराई से प्रभावित करते हैं।
खराब गट हेल्थ के 5 प्रमुख संकेत
पाचन तंत्र में गड़बड़ी के पांच प्रमुख संकेत हैं जिन्हें नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए। भारी भोजन के बाद कभी-कभार पेट फूलना सामान्य है, लेकिन पेट दर्द के साथ बार-बार पेट फूलना किसी अंदरूनी समस्या की ओर इशारा करता है। इसके अलावा, मल त्याग में कठिनाई या कब्ज, बार-बार पतले दस्त लगना, अत्यधिक गैस बनना और शौच की आदतों में बदलाव के साथ पेट में बार-बार दर्द या ऐंठन होना खराब गट हेल्थ के स्पष्ट लक्षण हैं। शरीर में पोषक तत्वों के ठीक से अवशोषित न होने के कारण बिना किसी स्पष्ट वजह के वजन कम होना और थकान भी महसूस हो सकती है। हालांकि, मीठा खाने की तीव्र इच्छा, मुंहासे और हार्मोनल बदलावों को भी अक्सर आंतों के स्वास्थ्य से जोड़ा जाता है, लेकिन ये इसके प्रमाणित लक्षण नहीं हैं और इनके पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं।
पाचन तंत्र को नुकसान पहुंचाने वाली 7 आदतें
हमारी दिनचर्या की सात सामान्य आदतें आंतों में मौजूद फायदेमंद बैक्टीरिया के संतुलन को बुरी तरह बिगाड़ सकती हैं। इनमें सबसे प्रमुख है हर दिन अनियमित समय पर भोजन करना, जिससे पाचन की प्राकृतिक प्रक्रिया बाधित होती है। इसके साथ ही, भोजन में फल, सब्जियों और साबुत अनाज जैसे फाइबर युक्त आहार की कमी, शरीर में पर्याप्त पानी न होना, और अत्यधिक प्रोसेस्ड व तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन पाचन को नुकसान पहुंचाता है। इसके अलावा, अधूरी नींद और लगातार रहने वाला तनाव, एक ही जगह बैठे रहने की शारीरिक निष्क्रियता तथा बिना डॉक्टरी सलाह के बार-बार एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग भी आंतों के स्वास्थ्य को कमजोर कर देता है।
डॉक्टर से परामर्श कब और क्यों जरूरी है?
विशेषज्ञों की सलाह है कि यदि पेट फूलना, पेट दर्द, कब्ज या दस्त जैसे लक्षण दो से तीन सप्ताह से अधिक समय तक बने रहें या आपकी दिनचर्या को प्रभावित करें, तो तुरंत गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट से परामर्श लेना चाहिए। विशेष रूप से मल में खून आना, बिना वजह वजन घटना, लगातार उल्टी होना, निगलने में कठिनाई, एनीमिया और पेट में तेज दर्द जैसे गंभीर चेतावनी संकेतों पर तुरंत डॉक्टरी जांच आवश्यक है, क्योंकि यह इरिटेबल बाउल सिंड्रोम, सीलिएक रोग या संक्रमण जैसी स्थितियों का संकेत हो सकता है। खुद से दवा लेने या बार-बार ओवर-द-काउंटर पाचन दवाओं पर निर्भर रहने के बजाय सही समय पर भोजन करने, भरपूर पानी पीने और फाइबर युक्त आहार अपनाने की सलाह दी है।